रायपुर : राज्योत्सव में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र

PTV BHARAT 2 NOVEMBER 2026 – रायपुर : राज्योत्सव में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग का स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। विभाग ने यहां अपनी विभिन्न योजनाओं, कार्यों, उपलब्धियों और नवाचारों पर आधारित जानकारीपूर्ण प्रदर्शनी लगाई है। आकर्षक सूचना बोर्डों, एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित वीडियो फिल्मों और डिजिटल प्रश्नोत्तरी के माध्यम से आगंतुकों को विभागीय गतिविधियों तथा राज्य के विकास में सांख्यिकीय आंकड़ों की भूमिका से परिचित कराया जा रहा है।

योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की दी जा रही जानकारी

स्टॉल में जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आर्थिक सर्वेक्षण, आकांक्षी जिला कार्यक्रम, सकल राज्य घरेलू उत्पाद का अनुमान, राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (सांसद निधि) और विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (विधायक निधि) सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्रदर्शित की गई है।

प्रदर्शनी में जन्म-मृत्यु पंजीकरण की उपयोगिता, आर्थिक सर्वेक्षणों के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों का आकलन, सकल राज्य घरेलू उत्पाद के अनुमान की प्रक्रिया और राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के जरिए विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित आंकड़ों के संकलन की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत विकास संकेतकों की निगरानी तथा सांसद और विधायक निधि से स्थानीय विकास कार्यों के क्रियान्वयन को भी प्रदर्शित किया गया है।

एलईडी स्क्रीन पर विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और गतिविधियों पर आधारित वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनके माध्यम से आगंतुक सरल और रोचक तरीके से विभागीय कार्यों को समझ रहे हैं।

डिजिटल प्रश्नोत्तरी में आगंतुकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

विभागीय स्टॉल का विशेष आकर्षण डिजिटल प्रश्नोत्तरी है। इसके माध्यम से आगंतुकों को विभागीय कार्यों, योजनाओं और सांख्यिकीय गतिविधियों से परिचित कराने के साथ उनकी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। नागरिक उत्साहपूर्वक इसमें भाग ले रहे हैं और अपने ज्ञान को परखने के साथ नई जानकारियां भी प्राप्त कर रहे हैं।

डेटा आधारित सुशासन और विकास में आंकड़ों की भूमिका

प्रदर्शनी में सांख्यिकीय आंकड़ों के संकलन, विश्लेषण और उपयोग के महत्व को भी रेखांकित किया गया है। आगंतुकों को बताया जा रहा है कि विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर उपयोग, योजनाओं की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके साथ ही प्रशासनिक आंकड़ों के मानकीकरण, डिजिटल तकनीक के उपयोग और साक्ष्य आधारित नीति निर्माण की दिशा में विभागीय गतिविधियों की जानकारी भी दी जा रही है।

राज्योत्सव में विभागीय स्टॉल के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं विकास गतिविधियों से जोड़ने और सांख्यिकी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनी के जरिए विभाग ने अपनी गतिविधियों को सरल, रोचक और संवादात्मक स्वरूप में प्रस्तुत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *