रायपुर : राज्योत्सव में गृह निर्माण मंडल का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र, पहले दिन उमड़ी भीड़

PTV BHARAT 2 NOVEMBER 2026 – रायपुर : राज्योत्सव में गृह निर्माण मंडल का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र, पहले दिन उमड़ी भीड़

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का विभागीय स्टॉल नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। राज्योत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में आगंतुकों ने स्टॉल पर पहुंचकर विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं, उपलब्ध मकानों और आवासीय परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

राज्योत्सव परिसर के डोम H1 में स्टॉल क्रमांक 11 पर स्थापित इस स्टॉल में मंडल की विभिन्न परियोजनाओं, उपलब्ध संपत्तियों और नागरिक सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। आगंतुक अपनी आवश्यकता, बजट और पसंद के अनुरूप आवासीय विकल्पों के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

आवासीय योजनाओं के प्रति दिखी विशेष रुचि

पहले दिन पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न जिलों में संचालित आवासीय योजनाओं और उपलब्ध मकानों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने आवासों की उपलब्धता, स्थान, कीमत, बुकिंग प्रक्रिया और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। स्टॉल पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध होने से नागरिकों को अपनी जरूरत के अनुरूप आवासीय विकल्पों को समझने में सुविधा मिल रही है।

आवास और अधोसंरचना विकास की गतिविधियों की जानकारी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल प्रदेश में आवासीय सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास के लिए कार्य कर रहा है। मंडल द्वारा नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप आवासीय योजनाएं विकसित करने, उपलब्ध संपत्तियों के बेहतर उपयोग तथा आवास संबंधी प्रक्रियाओं को सरल और सुविधाजनक बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।

राज्योत्सव में स्थापित स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को मंडल की योजनाओं, गतिविधियों और उपलब्धियों से भी परिचित कराया जा रहा है।

नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने का माध्यम बना स्टॉल

राज्योत्सव में मंडल की सहभागिता का उद्देश्य आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और इच्छुक आवेदकों को उपलब्ध विकल्पों तथा आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में प्रत्यक्ष मार्गदर्शन देना है। अधिकारियों द्वारा आगंतुकों की शंकाओं का समाधान कर मंडल और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।

मंडल ने राज्योत्सव में आने वाले नागरिकों से डोम H1 स्थित स्टॉल क्रमांक 11 का अवलोकन कर विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *