रायपुर : नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए इस अभियान से देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा जुड़े। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के डोंगरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने नशामुक्त भारत का सामूहिक संकल्प लिया।

राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के बाद विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपची ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र सेवा में लगाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति को भी कमजोर करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने और युवाओं से स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा विकसित भारत के संकल्प से जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। समापन पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता के साथ आयोजित यह कार्यक्रम नशामुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *