PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ – रायपुर के लोक भवन में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उन्हें नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ ली। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और युवा उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत और अन्य युवा संगठनों के माध्यम से रैली, शपथ, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, संगीत, लघु फिल्म और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

