PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : खेल और संस्कृति किसी भी शहर की पहचान और प्रगति के महत्वपूर्ण आधार : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी – धमतरी शहर में खेल अधोसंरचना को नई मजबूती देते हुए जालमपुर वार्ड में बने दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का उद्घाटन वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया। इससे पहले जिले का पहला बॉक्स क्रिकेट मैदान एकलव्य खेल परिसर में विकसित किया गया था।
उद्घाटन के अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्वयं बल्ला थामकर बल्लेबाजी की और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने गेंदबाजी की और बाद में बल्लेबाजी कर कार्यक्रम में शामिल खिलाड़ियों के साथ खेल का आनंद लिया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और युवाओं को मिलने वाले अवसरों से भी होती है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रतियोगिताओं की तैयारी और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आधुनिक मंच उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन और नगर निगम खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

