रायपुर : नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी – वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और नवाचार से जुड़ी युवा पीढ़ी ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार कर सकती है। धमतरी के मराठा मंगल भवन में आयोजित ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ में उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, नवाचार, खेल और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उनके संदेश का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नशामुक्ति केवल सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने युवाओं से तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने तथा अपने परिवार और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण प्राप्त 100 युवाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए और प्रत्येक प्रशिक्षित युवा को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस तरह कुल 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रदर्शनी स्टॉलों और स्थानीय नवाचारों का भी अवलोकन किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और यही युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, नशे से दूर रहने तथा स्टार्टअप, डिजिटल तकनीक और नवाचार आधारित रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की भी अपील की।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी युवाओं से नशामुक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन युवाओं के कौशल विकास, डिजिटल सशक्तिकरण और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *