रायपुर : देशभर के 25 हजार केंद्रों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : देशभर के 25 हजार केंद्रों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प – भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

देशभर के लगभग 25 हजार केंद्रों पर आयोजित इस अभियान में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। कार्यक्रम में MY Bharat के स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), युवा क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर 100 सप्ताह तक चलने वाले ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को देशभर में जनजागरूकता कार्यक्रम, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, फिटनेस, योग, ध्यान और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया जा सके।

जशपुर जिले के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, घोलेंग में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा और सुना। विद्यालय के प्राचार्य दुर्गेश पाठक ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *