PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : नशा दीमक की तरह जीवन को खोखला कर देता है : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशव्यापी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के वर्चुअल शुभारंभ के साथ ही बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भी अभियान की शुरुआत हुई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि नशा एक दीमक की तरह है, जो केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, माता-पिता के सपनों और भविष्य को भी खोखला कर देता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और इतिहास इस बात का गवाह है कि देश में बड़े परिवर्तन हमेशा युवाओं की शक्ति से ही संभव हुए हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक जिले भर में खेल, कला, संस्कृति और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशामुक्ति पर आधारित एक प्रभावशाली नाटिका प्रस्तुत कर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार जीवन अपनाने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।

