रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई उड़ान, पुणे रोड शो से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में मजबूत हुई पहचान

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : पुणे रोड शो से छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई उड़ान, राष्ट्रीय पर्यटन बाजार में मजबूत हुई पहचान – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने फिक्की के सहयोग से पुणे में पर्यटन रोड शो आयोजित कर राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, वन्यजीव, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन की विविध संभावनाओं का प्रदर्शन किया। यह आयोजन राष्ट्रीय पर्यटन बाजार में छत्तीसगढ़ की पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोड शो का उद्देश्य राज्य के पर्यटन स्थलों को देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ना, निवेश आकर्षित करना और पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित करना रहा। कार्यक्रम में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंट, होटल व्यवसायी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बी-टू-बी बैठकों के माध्यम से नए पर्यटन पैकेज, निवेश और व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि राज्य को देश के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में स्थापित करने के लिए पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों की भागीदारी आवश्यक है। वहीं पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है और नए नवाचार किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में चित्रकोट जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर और भोरमदेव मंदिर सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गई। छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी प्रतिभागियों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।

उल्लेखनीय है कि यह रोड शो छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की देशभर में आयोजित की जा रही आठ पर्यटन रोड शो की श्रृंखला का तीसरा आयोजन था। इससे पहले दिल्ली और भुवनेश्वर में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को प्रकृति, संस्कृति, विरासत, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *