बेमेतरा : ग्राम मुरता में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

PTV BHARAT 3 NOVEMBER 2026 – बेमेतरा : ग्राम मुरता में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित ‘खेत बचाओ अभियान-रबी 2026’ के अंतर्गत सोमवार को बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत मुरता में कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 37 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. विनोद कुमार वाशनिक और डॉ. आशीष मराठे ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों का आवश्यकता के अनुरूप संतुलित उपयोग करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और फसल उत्पादन में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।

किसानों की समस्याओं पर वैज्ञानिकों ने किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों और किसानों के बीच संवादात्मक परिचर्चा भी हुई। इसमें किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा की। वैज्ञानिकों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुरूप टिकाऊ एवं लाभकारी तकनीक अपनाने की सलाह दी। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन तथा मृदा और जल संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

ग्राम पंचायत मुरता के सरपंच बुधारू गेण्डले की उपस्थिति और सहभागिता से कार्यक्रम को स्थानीय स्तर पर प्रोत्साहन मिला।

मृदा स्वास्थ्य और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना अभियान का उद्देश्य

‘खेत बचाओ अभियान’ का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़कर मृदा स्वास्थ्य में सुधार, उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जलवायु अनुकूल और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है। संस्थान द्वारा रबी 2026 अभियान के तहत किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी और उपयोगी कृषि तकनीकों का निरंतर प्रसार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *