जीपीएम : जिला स्तरीय राज्योत्सव में दिखी विकास और सुशासन की तस्वीर, विभागीय प्रदर्शनियां बनीं आकर्षण का केंद्र

PTV BHARAT 3 NOVEMBER 2026 – जीपीएम : जिला स्तरीय राज्योत्सव में दिखी विकास और सुशासन की तस्वीर, विभागीय प्रदर्शनियां बनीं आकर्षण का केंद्र

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर पेंड्रारोड के गुरुकुल खेल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जानकारी लेने के लिए नागरिकों ने स्टॉलों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों तथा आम नागरिकों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।

जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में दिखी सुशासन और विकास की झलक

राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विधायक धर्मजीत सिंह एवं अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का भी अवलोकन किया और इसकी सराहना की।

प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, कृषक उन्नति योजना से किसानों की आर्थिक समृद्धि, प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास तथा तेंदूपत्ता संग्रहण दर और बोनस से वनांचल के परिवारों को मिल रहे आर्थिक लाभों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

इसके अलावा श्री रामलला दर्शन योजना, घर-घर निर्मल जल अभियान, इन्वेस्ट छत्तीसगढ़, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और युवा कल्याण से जुड़ी उपलब्धियों को भी चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

कृषि और उद्यानिकी विभाग ने दिखाई किसानों की समृद्धि की राह

कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के स्टॉल में विभिन्न फसलों के प्रदर्शन के साथ जैविक खेती के महत्व और लाभों की जानकारी दी गई। किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल विविधीकरण और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक किया गया।

उद्यानिकी विभाग ने विभिन्न उद्यानिकी फसलों और ऑयल पाम की खेती के फायदे प्रदर्शित किए। स्टॉल के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने में उद्यानिकी आधारित खेती की संभावनाओं को रेखांकित किया गया।

महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका की उपलब्धियां

महिला एवं बाल विकास विभाग ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों, महतारी वंदन योजना, मातृ एवं शिशु कल्याण तथा पोषण संबंधी प्रयासों की जानकारी दी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों और खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। इन उत्पादों के माध्यम से स्थानीय महिलाओं के कौशल, परिश्रम और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिली। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर विकसित करने के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।

पीएम जनमन और शैक्षणिक नवाचारों की जानकारी

आदिम जाति कल्याण विभाग ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक नवाचारों, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया।

पर्यटन, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का प्रदर्शन

पर्यटन विभाग ने प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण और श्रम विभाग ने जनहित से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उद्योग विभाग और जिला अग्रणी बैंक ने औद्योगिक गतिविधियों, स्वरोजगार तथा वित्तीय सेवाओं से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पशुधन विकास, मछली पालन, सहकारिता और हाउसिंग बोर्ड ने भी अपनी गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। इन स्टॉलों में कृषि आधारित आजीविका, पशुपालन, मत्स्य पालन और आवास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

जल संसाधन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने अधोसंरचना विकास और नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्रदर्शित किया। वहीं पुलिस, परिवहन, विद्युत और क्रेडा विभाग ने अपनी सेवाओं, गतिविधियों तथा विकास कार्यों की जानकारी दी।

योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बना राज्योत्सव

जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभागीय प्रदर्शनियां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनीं। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी मिलने से नागरिकों को कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय कल्याण, पर्यटन, रोजगार और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को समझने का अवसर मिला।

राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस समारोह ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, जनकल्याण के प्रयासों और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *