PTV BHARAT 17 AUGUST 2026 – रायपुर : राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन ने किया ध्वजारोहण – छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। राज्य सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन ने कहा कि स्वतंत्रता का संघर्ष लंबा और कठिन था, जिसमें कई स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। यह दिन हमें वीर शहीदों के बलिदान और संघर्ष की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में महात्मा गांधी, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस जैसे अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वर्ष 1947 में भारत ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से मुक्त होकर एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ।
इस अवसर पर राज्य सूचना आयोग के आयुक्त आलोक चन्द्रवंशी, उमेश अग्रवाल, शिरिश चन्द्र मिश्र, सचिव नीलम नामदेव एक्का, उप सचिव आभा तिवारी सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

