रायपुर : विशेष लेख : औद्योगिक निवेश से रोजगार का नया आधार बन रहा नवा रायपुर अटल नगर

PTV BHARAT 17 AUGUST 2026 – रायपुर : विशेष लेख : औद्योगिक निवेश से रोजगार का नया आधार बन रहा नवा रायपुर अटल नगर – नवा रायपुर अटल नगर अब केवल आधुनिक प्रशासनिक राजधानी के रूप में नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। सुनियोजित शहरी विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के साथ शहर में टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और आईटी जैसे भविष्य के उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य विनिर्माण आधारित अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार करना है।

टेक्सटाइल पार्क से हजारों रोजगार की उम्मीद

नवा रायपुर के लेयर-2 स्थित ग्राम कुर्रू में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके लिए CSIDC को 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। स्विफ्ट टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड ने जून 2026 में 235 करोड़ रुपए के निवेश से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया है, जिससे करीब 4,650 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वहीं पुनीत क्रिएशन के साथ 175 करोड़ रुपए के निवेश का समझौता किया गया है। इन परियोजनाओं को मिलाकर टेक्सटाइल पार्क में लगभग 10,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

132 एकड़ में फार्मा पार्क

सेक्टर-22 में 132 एकड़ भूमि CSIDC को आवंटित कर फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। परियोजना में लगभग 2,000 करोड़ रुपए के निवेश और करीब 1,400 रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। टोरेंट फार्मा, एविला फार्मास्युटिकल्स और विटालिस हेल्थ के साथ कुल 735 करोड़ रुपए के एमओयू किए जा चुके हैं। फार्मा पार्क से दवा निर्माण के साथ सहायक औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की भी संभावनाएं बढ़ेंगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को मिल रही गति

इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में यश फैंस ने 110 करोड़ रुपए के निवेश से होम अप्लायंसेज निर्माण इकाई शुरू की है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए इलेक्ट्रॉनिक कॉमन फैसिलिटी सेंटर को भारत सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। यहां PCB प्रोटोटाइपिंग, 3D प्रिंटिंग और EMC टेस्टिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

MSME बनेंगे औद्योगिक विकास की रीढ़

नवा रायपुर के सेक्टर-05 में विनिर्माण उद्योगों के लिए भूमि आवंटित की गई है। यहां वर्तमान में 1,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है, जबकि भविष्य में 12,000 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। MSME क्षेत्र के विस्तार से स्थानीय उद्यमिता, विनिर्माण गतिविधियों और बड़े उद्योगों के लिए सहायक औद्योगिक नेटवर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

निवेश के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार

टेक्सटाइल पार्क में लगभग 10,000, फार्मा पार्क में करीब 1,400 और MSME क्षेत्र में भविष्य में 12,000 से अधिक रोजगार की संभावनाएं नवा रायपुर को रोजगारोन्मुख अर्थव्यवस्था की ओर ले जा रही हैं। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और आईटी क्षेत्र में विकसित हो रहा इकोसिस्टम औद्योगिक संभावनाओं को और व्यापक बना रहा है। शहर में 2,000 सीटों वाला प्लग एंड प्ले आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है, जहां Square Business Services, Vrize India और Vision Plus जैसी आईटी कंपनियां कार्य कर रही हैं।

डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर से बनेगा डिजिटल इकोसिस्टम

सेक्टर-22 में CBD रेलवे स्टेशन के पास करीब 1,000 करोड़ रुपए की लागत से AI आधारित डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है। RackBank करीब 13.5 एकड़ क्षेत्र में इसे विकसित कर रही है, जिसमें एक हिस्सा SEZ के रूप में विकसित होगा। CtrlS भी नवा रायपुर में अपना डेटा सेंटर स्थापित करने जा रही है।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग आधारित दूसरे SEZ को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसमें पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड 5G और 6G तकनीक के लिए GaN आधारित सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करेगी।

युवाओं के लिए बदल रहा अवसरों का परिदृश्य

टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और सेमीकंडक्टर जैसे विविध क्षेत्रों के विकास से उत्पादन, तकनीकी सेवाओं, प्रबंधन और अन्य कौशल आधारित क्षेत्रों में रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ने की संभावना है। नवा रायपुर का औद्योगिक विस्तार केवल नए कारखानों और निवेश की कहानी नहीं, बल्कि रोजगार आधारित आर्थिक विकास की दिशा में बढ़ते कदमों को भी दर्शाता है।

निवेश, उद्योग और रोजगार का नया गंतव्य

नवा रायपुर में सेक्टर आधारित औद्योगिक क्लस्टरों का विकास शहर की अर्थव्यवस्था को विविधता दे रहा है। टेक्सटाइल पार्क, फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, MSME क्षेत्र और AI डेटा सेंटर एवं सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में निवेश के साथ परिवहन, लॉजिस्टिक्स और सहायक सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। नवा रायपुर में CBD रेलवे स्टेशन संचालित है और सेक्टर-1 तथा सेक्टर-40 में आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब प्रस्तावित हैं।

इस तरह आधुनिक प्रशासनिक राजधानी के रूप में पहचान बना चुका नवा रायपुर अटल नगर अब निवेश, उद्योग और रोजगार के नए गंतव्य के रूप में अपनी अगली पहचान गढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *