​रायपुर : ​जांजगीर के टीसीएल कॉलेज में गूँजे देशभक्ति के नारे

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – जांजगीर-चांपा : जांजगीर के टीसीएल कॉलेज में गूंजे देशभक्ति के नारे – स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए और भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। छात्रों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

नागरिकों के बीच राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास

जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय ठाकुर छेदीलाल (टीसीएल) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर में विद्यार्थियों और आम नागरिकों के बीच राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया।

नागरिक कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक

महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई इस रैली में NSS स्वयंसेवकों ने हाथों में आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे थामकर देशभक्ति के नारे लगाए। अनुशासित तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती रैली ने आम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण और अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. लहरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व NSS महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पा एवं पुरुष इकाई के कार्यक्रम अधिकारी राजेश चंद्र ने किया।

महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर

NSS स्वयंसेवकों के उत्साह और अनुशासित सहभागिता से तिरंगा यात्रा सफल रही। आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर एवं आसपास का वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एम.एल. पाटले, डॉ. मंजू लता कश्यप एवं आर.जी. कुटे उपस्थित रहे। NCC अधिकारी डॉ. ईश्वरी सूर्यवंशी ने भी अपनी उपस्थिति से स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *