रायपुर : रायपुर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में पुलिस द्वारा ‘साइबर सुरक्षा जागरूकता’ कार्यक्रम का आयोजन

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – रायपुर : रायपुर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में पुलिस ने आयोजित किया ‘साइबर सुरक्षा जागरूकता’ कार्यक्रम – छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त बनाने के संकल्प के साथ रायपुर स्थित शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं और इंटर्न्स के लिए विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत आयोजित किया गया।

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति सुरक्षित और जागरूक बनाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह का “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के पहले सप्ताह में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा के लिए स्कूल एवं कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में दंत चिकित्सा महाविद्यालय में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों एवं इंटर्न्स को साइबर अपराधों के नए तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और बुनियादी साइबर सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। युवाओं को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ से जुड़े छात्र-छात्राएं

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को अभियान की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” से जोड़ा गया। छात्रों और इंटर्न्स को छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी लिंक पर जाकर या QR Code स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

उपस्थित युवाओं ने अपनी सेल्फी सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी साझा की, जिससे साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश उनके फॉलोअर्स और मित्रों तक पहुंच सके। जनभागीदारी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

जनभागीदारी से साइबर सुरक्षित छत्तीसगढ़ का संकल्प

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि व्यापक “साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया है। राज्य पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने भी प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और इंटर्न्स ने पुलिस के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ को साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाने और डिजिटल दुनिया में सतर्क एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *