PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – सूरजपुर : ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से बेटियों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक हुए विद्यार्थी – प्रदेश में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत सूरजपुर जिले के विकासखंड रामानुजनगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परशुरामपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालिकाओं के अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों, शासन की योजनाओं तथा हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन एवं नारा लेखन प्रतियोगिता भी कराई गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
बाल विवाह, घरेलू हिंसा और मासिक धर्म स्वच्छता पर दी जानकारी
जागरूकता सत्र में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता तथा बाल विवाह जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। बाल विवाह के सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को इसके खिलाफ जागरूक रहने और इसकी सूचना संबंधित माध्यमों तक पहुंचाने की समझाइश दी गई।
विद्यार्थियों को 1098, 181, 112 एवं 1930 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। आपात स्थिति, महिला एवं बाल सुरक्षा, घरेलू हिंसा अथवा साइबर अपराध से संबंधित परेशानी होने पर इन सेवाओं के माध्यम से सहायता एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
सरकारी योजनाओं और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
कार्यक्रम में नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना एवं सखी वन स्टॉप सेंटर सहित महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों की हुई कैरियर काउंसलिंग
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की कैरियर काउंसलिंग भी की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने, उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी रखने और बेहतर करियर के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता संबंधी ब्रोशर का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण हब से वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ फरजाना, जेंडर विशेषज्ञ पूनम राजवाड़े, साइबर सेल से रॉय सिंह, विद्यालय के प्राचार्य चन्द्र विजय सिंह, नरेन्द्र कुमार शुक्ला, श्वेता, मीथिला राजवाड़े, बाल साय चक्रधर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

