रायपुर : मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से युवाओं को मिल रहा रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – बलरामपुर : मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से युवाओं को मिल रहा रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर – युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कौशल विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से बलरामपुर जिले के लाइवलीहुड कॉलेज में युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे रोजगार प्राप्त करने के साथ स्वयं का व्यवसाय भी शुरू कर सकें।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं को उनकी रुचि और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप ट्रेड का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लाइवलीहुड कॉलेज युवाओं को कौशल, अवसर और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रभावी केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

वेल्डिंग एवं जल संचालक-वितरण ट्रेड में प्रशिक्षण

वर्तमान में लाइवलीहुड कॉलेज में वेल्डिंग एवं जल संचालक-वितरण ट्रेड में प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। लगभग 30 प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी जानकारी के साथ उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग तथा कार्य की व्यावहारिक बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर तलाशने के लिए दक्ष बनाना है।

ट्रैक्टर मैकेनिक का नया बैच होगा शुरू

बलरामपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि और कृषि यंत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए आगामी दिनों में ट्रैक्टर मैकेनिक ट्रेड का नया बैच शुरू किया जाएगा। इसमें युवाओं को ट्रैक्टर के रखरखाव, सर्विसिंग, तकनीकी खराबियों की पहचान और मरम्मत सहित आवश्यक व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इससे ग्रामीण युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलने की संभावना बढ़ेगी।

निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा

लाइवलीहुड कॉलेज में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशिक्षणार्थियों के लिए निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले युवा रहने और भोजन की चिंता से मुक्त होकर प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।

इसके अलावा प्रशिक्षण के लिए आवश्यक उपकरण एवं संसाधन, प्रशिक्षण सामग्री तथा रोजगार और प्लेसमेंट से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को वास्तविक कार्यस्थल की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

287 युवाओं ने लिया प्रशिक्षण, 217 रोजगार से जुड़े

मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लाइवलीहुड कॉलेज में अब तक 287 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें से 217 युवा रोजगार से जुड़ चुके हैं। प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं का रोजगार से जुड़ना कौशल आधारित प्रशिक्षण की उपयोगिता को दर्शाता है। वहीं प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार शुरू करने वाले युवा अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।

प्रशिक्षणार्थियों में बढ़ा आत्मविश्वास

प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सुरेश कुमार ने बताया कि उन्हें योजना की जानकारी ग्राम पंचायत के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने लाइवलीहुड कॉलेज में पंजीयन कराया। उन्होंने कहा कि पहले किसी विशेष कौशल के अभाव में रोजगार प्राप्त करने में कठिनाई होती थी, लेकिन प्रशिक्षण के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। अब वे अपने कौशल के आधार पर रोजगार तलाशने के साथ भविष्य में स्वरोजगार भी शुरू कर सकते हैं।

प्लंबर ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कमल गुप्ता ने बताया कि उनके क्षेत्र में प्लंबिंग कार्य की अच्छी मांग है और उन्हें इस काम में रुचि भी थी, लेकिन तकनीकी प्रशिक्षण के अभाव में वे इसे व्यवस्थित रूप से नहीं कर पाते थे। लाइवलीहुड कॉलेज में उन्हें निःशुल्क आवास एवं भोजन के साथ प्रशिक्षण मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे अपने गांव में ही प्लंबिंग का काम शुरू कर आजीविका अर्जित करना चाहते हैं।

कौशल से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास जिले में नई संभावनाएं तैयार कर रहा है। प्रशिक्षण, संसाधन, आवास, भोजन और रोजगार मार्गदर्शन जैसी सुविधाओं के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का बेहतर अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *