रायपुर : पावरलिफ्टिंग में छत्तीसगढ़ के खेल मंच पर चमका मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी : पावरलिफ्टिंग में छत्तीसगढ़ के खेल मंच पर चमका मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी – छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों के बीच मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खिलाड़ियों ने धमतरी में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक हासिल किए। द फिटनेस पाठशाला जिम, अंबागढ़ चौकी से जुड़े 14 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 7 स्वर्ण, 8 रजत और 1 कांस्य पदक जीते। शानदार प्रदर्शन के आधार पर जिले की टीम ने टीम चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया।

खुशी धालेंद्र ने दो स्वर्ण के साथ जीता जूनियर बेस्ट लिफ्टर का खिताब

प्रतियोगिता में खुशी धालेंद्र ने दो स्वर्ण पदक जीतने के साथ छत्तीसगढ़ जूनियर बेस्ट लिफ्टर का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। पंकज नेताम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। रवि कुमार ने एक स्वर्ण, चिन्मय ने दो स्वर्ण तथा साहिल निराला ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर जिले की पदक तालिका को मजबूत किया।

वहीं गजेंद्र, रेश्मी, रीत, डेजी, करण, सजल शिवहरे, बिलाल और निखिल पटवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए।

आनिया खान का संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

जिले की युवा खिलाड़ी आनिया खान का स्कूल गेम्स वेटलिफ्टिंग में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं के उभरने और विभिन्न खेल विधाओं में युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाती है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है और आने वाले समय में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ी हैं।

कलेक्टर ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद सभी खिलाड़ी एवं कोच ने कलेक्टर तुलिका प्रजापति से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने उन्हें 16 पदकों और टीम चैंपियनशिप की उपलब्धि की जानकारी दी। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों एवं कोच को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार भी प्रदान किए और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित किया।

खेल सुविधाओं के विस्तार पर सहयोग का भरोसा

मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों और कोच ने जिले में पावरलिफ्टिंग सहित अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों को लेकर कलेक्टर से चर्चा की। कलेक्टर ने खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग का भरोसा दिलाया।

जिला प्रशासन से मिले प्रोत्साहन से खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है। खिलाड़ियों और कोच ने कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन से मिलने वाला समर्थन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *