PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – रायपुर : राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक के लिए विभागों को बेहतर समन्वय के निर्देश – मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से कम करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में किए जा रहे कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
घायलों के त्वरित इलाज और 108 एंबुलेंस की मॉनिटरिंग पर जोर
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों का उपचार प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 108 एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता की सख्त मॉनिटरिंग और ट्रॉमा सेंटरों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
सड़क दुर्घटना के घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले नेक नागरिकों यानी गुड सेमेरिटन को जल्द से जल्द प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिक दुर्घटना वाले 8 जिलों पर विशेष फोकस
रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, बलौदाबाजार, सरगुजा और जगदलपुर (बस्तर) में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इन जिलों में दुर्घटनाओं को कम करने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर प्रभावी उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सड़क निर्माण से पहले ही डिजाइन सही रखने पर जोर
बैठक में ब्लैक स्पॉट की पहचान, सुधार और उसके प्रभाव के विश्लेषण के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को ब्लैक स्पॉट में समय-सीमा के भीतर सुधार करने तथा सुधार के बाद दुर्घटनाओं में आई कमी का विश्लेषण करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने कहा कि बाद में सुधार करने से बेहतर है कि सड़क निर्माण के शुरुआती चरण में ही डिजाइन और सुरक्षा मानकों को सही रखा जाए। इसके साथ ही सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को सड़क सुरक्षा से जोड़ने पर जोर
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में रोड क्लब गठित करने और अधिक से अधिक युवाओं को यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
सभी जिलों के कलेक्टरों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने और फैसलों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत परिवहन सचिव एस. प्रकाश द्वारा विभागीय गतिविधियों की जानकारी देने के साथ हुई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) प्रदीप गुप्ता सहित लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, जनसंपर्क तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

