रायपुर : हुनर, तकनीक और अपनत्व से पुनर्वासित युवाओं को विकास की नई राह

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – सुकमा : हुनर, तकनीक और अपनत्व से पुनर्वासित युवाओं को विकास की नई राह – सुकमा जिले में पुनर्वासित युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव राजेश सिंह राणा ने मंगलवार को जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न विकास और पुनर्वास योजनाओं का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर भी मौजूद रहे।

कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगे पुनर्वासित युवा

प्रभारी सचिव राजेश सिंह राणा ने लाइवलीहुड कॉलेज पहुंचकर पुनर्वासित युवाओं के लिए विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दो माह के इस प्रशिक्षण में 20 युवाओं को कोसा से रेशम निकालने, उन्नत हथकरघा से साड़ी बुनने और आधुनिक सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है, ताकि वे अपने हुनर का उपयोग कर सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर आत्मनिर्भर बन सकें।

मोबाइल से जुड़ेंगे डिजिटल दुनिया से

प्रभारी सचिव ने पुनर्वास केंद्र पहुंचकर युवाओं से सीधे संवाद किया और उनके अनुभवों एवं जरूरतों की जानकारी ली। डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए 20 पुनर्वासित युवाओं को मोबाइल फोन वितरित किए गए। मोबाइल मिलने से युवाओं को ऑनलाइन जानकारी, प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और विभिन्न डिजिटल सेवाओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

जमीन पर बैठकर युवाओं के साथ किया भोजन

राजेश सिंह राणा ने पुनर्वासित युवाओं के साथ आत्मीयता से संवाद किया। इस दौरान युवाओं द्वारा अपने हाथों से तैयार भोजन को उन्होंने उनके साथ जमीन पर बैठकर ग्रहण किया। उनके इस सहज व्यवहार से युवाओं में उत्साह और विश्वास बढ़ा।

उन्होंने युवाओं को मेहनत और कौशल के साथ आगे बढ़कर अपने परिवार और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

तुंगल डैम बनेगा पर्यटन का नया केंद्र

प्रवास के दौरान प्रभारी सचिव ने तुंगल डैम का भी निरीक्षण किया। क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने कलेक्टर अमित कुमार को तुंगल डैम को सुव्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बच्चों से मिले, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

तुंगल डैम में भ्रमण के लिए पहुंचे स्कूली बच्चों से प्रभारी सचिव ने आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई कर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

सुकमा में पुनर्वास, कौशल विकास, डिजिटल सशक्तिकरण और पर्यटन विकास को एक साथ आगे बढ़ाने की यह पहल युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर तैयार कर रही है। शासन की योजनाओं का यह जमीनी क्रियान्वयन जिले में शांति के साथ विकास और विश्वास की मजबूत नींव तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *