धमतरी : गांव के बच्चों के हाथों में होगी भविष्य की तकनीक, मगरलोड में बनेगी अत्याधुनिक रोबोटिक्स एवं 3-डी प्रिंटिंग लैब

PTV BHARAT 23 AUGUST 2026 – धमतरी : गांव के बच्चों के हाथों में होगी भविष्य की तकनीक, मगरलोड में बनेगी अत्याधुनिक रोबोटिक्स एवं 3-डी प्रिंटिंग लैब – ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए धमतरी जिले के मगरलोड में अत्याधुनिक रोबोटिक्स लैब और रोबोटिक्स थ्री-डी प्रिंटिंग लैब विकसित की जा रही है। शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करना और उन्हें व्यावहारिक तकनीकी शिक्षा के अवसर देना है।

रोबोटिक्स, प्रोग्रामिंग और 3-डी प्रिंटिंग सीखेंगे विद्यार्थी

प्रस्तावित लैब में विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे। उन्हें रोबोटिक्स, थ्री-डी प्रिंटिंग, डिजाइन, प्रोग्रामिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और नवाचार जैसे क्षेत्रों में प्रयोग करने का अवसर मिलेगा।

इससे विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या समाधान, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी।

रोबोटिक्स वर्कशॉप से हुई पहल की शुरुआत

लैब की संकल्पना को स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता से आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में मगरलोड में रोबोटिक्स वर्कशॉप आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों और युवाओं को रोबोटिक्स की बुनियादी जानकारी, मॉडल निर्माण, प्रोग्रामिंग और तकनीकी प्रयोगों से परिचित कराया गया।

वर्कशॉप के दौरान बच्चों की तकनीक में रुचि और सीखने की उत्सुकता को देखते हुए इस पहल को और व्यापक रूप देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कलेक्टर और जिला पंचायत CEO ने बढ़ाया उत्साह

रोबोटिक्स वर्कशॉप में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा भी पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों के बनाए मॉडल और उनके विचारों को देखा तथा बच्चों को प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर ने बच्चों के तकनीकी आइडियाज की सराहना करते हुए उन्हें प्रयोग और नवाचार के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

‘Learning by Doing’ बनेगा लैब का आधार

प्रस्तावित लैब विद्यार्थियों के लिए ‘करके सीखने’ (Learning by Doing) का मंच बनेगी। विद्यार्थी अपनी कल्पनाओं को मॉडल और प्रोटोटाइप में बदल सकेंगे। थ्री-डी प्रिंटिंग के जरिए डिजिटल डिजाइन को वास्तविक वस्तु का रूप देने का अवसर मिलेगा।

आगे चलकर स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान तैयार करने, नवाचार आधारित परियोजनाओं को बढ़ावा देने और युवाओं को स्टार्टअप एवं उद्यमिता की दिशा में मार्गदर्शन देने की संभावनाएं भी विकसित होंगी।

ग्रामीण बच्चों को भविष्य की तकनीक से जोड़ना लक्ष्य

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मगरलोड में रोबोटिक्स और थ्री-डी प्रिंटिंग लैब का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों और युवाओं को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को अवसर देना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विद्यार्थी आधुनिक तकनीक को केवल देखें नहीं, बल्कि उसे समझें, प्रयोग करें और अपने विचारों को नवाचार में बदलें।

मगरलोड की यह पहल तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार की संस्कृति और युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यह लैब विद्यार्थियों और युवाओं के लिए सीखने, प्रयोग करने और नए विचारों को साकार करने का केंद्र बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *