PTV BHARAT 23 AUGUST 2026 – धमतरी : राहत योजना से गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार, बच रही अनमोल जिंदगियां – सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी दौरान समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की पीएम-राहत (प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेशन एंड एश्योर्ड ट्रीटमेंट) योजना का धमतरी जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचते ही कैशलेस और त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाता है, ताकि पैसे या कागजी औपचारिकताएं इलाज में बाधा न बनें।
7 दिनों तक 1.50 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार
5 मई 2025 से लागू योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ित को अस्पताल में भर्ती होने के दिन से अधिकतम 7 दिनों तक प्रति व्यक्ति 1 लाख 50 हजार रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
योजना का उद्देश्य दुर्घटना के बाद के ‘गोल्डन ऑवर’ में घायल को जल्द अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराना और गंभीर स्थिति में जीवन बचाने की संभावना बढ़ाना है।
31 मामलों में 13 पीड़ितों को मिला लाभ
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों तथा संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं के बीच समन्वय के जरिए योजना लागू की जा रही है। जिले में अब तक 31 सड़क दुर्घटना प्रकरणों में योजना के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें 13 दुर्घटना पीड़ितों को लाभ मिला है। इनमें गंभीर रूप से घायल मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिया गया।
सरकारी और निजी अस्पतालों का नेटवर्क
योजना के तहत जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से सुविधा उपलब्ध है।
इसके अलावा जिले के 20 निजी अस्पताल भी योजना से जुड़े हैं। इनमें 19 अस्पताल आयुष्मान भारत के तहत इम्पैनल्ड हैं, जबकि एक निजी अस्पताल पीएम-राहत योजना के तहत विशेष रूप से इम्पैनल्ड है।
इस नेटवर्क का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को उनके निकट उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधा में जल्द उपचार उपलब्ध कराना है।
हर मिनट महत्वपूर्ण, आर्थिक कारणों से इलाज न रुके : कलेक्टर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटना में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी घायल व्यक्ति को आर्थिक कारणों या औपचारिकताओं के कारण उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अस्पतालों को योजना के प्रावधानों के अनुसार संवेदनशीलता और तत्परता से काम करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गोल्डन ऑवर में इलाज से बढ़ती है जान बचने की संभावना
सीएमएचओ डॉ. यू. एल. कौशिक ने बताया कि दुर्घटना के बाद समय पर उचित उपचार न मिलने से मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है। गोल्डन ऑवर में त्वरित और निःशुल्क उपचार मिलने से स्थिति बिगड़ने से रोकने और जीवन बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र या योजना से संबद्ध अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।
पीएम-राहत योजना से संबंधित सहायता एवं विस्तृत जानकारी के लिए नागरिक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, धमतरी से संपर्क कर सकते हैं।

