रायपुर : राखी का बंधन, खुशियों का संसारकृ महतारी वंदन से बहनों को संबल अपार

PTV BHARAT 23 AUGUST 2026 – रायपुर : राखी का बंधन, खुशियों का संसार, महतारी वंदन से बहनों को संबल अपार – छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना परिवारों के लिए आर्थिक सहारे का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित सहायता से महिलाएं घरेलू जरूरतों, बच्चों के पोषण और शिक्षा के साथ भविष्य के लिए बचत भी कर पा रही हैं।

उर्मिला यादव को परिवार की जरूरतों में मिला सहारा

सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम जमगवां निवासी श्रीमती उर्मिला यादव महतारी वंदन योजना की लाभार्थी हैं। उनके बैंक खाते में प्रतिमाह मिलने वाली राशि से बच्चों के खान-पान और परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।

नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उनके लिए घरेलू खर्चों को व्यवस्थित करना पहले की तुलना में आसान हुआ है।

बेटी के भविष्य के लिए हर महीने बचत

उर्मिला यादव महतारी वंदन की राशि का एक हिस्सा अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचा रही हैं। उन्होंने बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खुलवाया है, जिसमें वे हर महीने 200 रुपये जमा करती हैं।

इस तरह योजना से मिलने वाली सहायता वर्तमान जरूरतें पूरी करने के साथ बेटी के भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार करने में भी इस्तेमाल हो रही है।

आर्थिक सहायता से बढ़ा आत्मविश्वास

उर्मिला के अनुसार पहले घरेलू जरूरतों के बीच आर्थिक प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण होता था। अब नियमित सहायता से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिला है, जिससे वे परिवार के खर्चों की बेहतर योजना बना पा रही हैं और भविष्य के लिए बचत भी कर रही हैं।

महिलाओं के बैंक खातों में सीधे राशि पहुंचने से उन्हें परिवार की आर्थिक व्यवस्था में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिल रहा है।

‘बहनों की खुशहाली का उपहार, विष्णु भैया की सरकार’

उर्मिला यादव ने महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना की राशि से बच्चों के खान-पान और परिवार की जरूरतों में सहयोग मिलने के साथ बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का अवसर भी मिल रहा है।

उर्मिला की कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए केवल तत्काल खर्च पूरा करने का साधन नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक योजना, बच्चों के पोषण और बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निर्णय लेने का आधार भी बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *