रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

PTV BHARAT 23 AUGUST 2026 – रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की – पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर में भक्ति का माहौल रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की तथा कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों को सावन की शुभकामनाएं दीं।

कांवड़ यात्रा आस्था और समर्पण की अभिव्यक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष महीना है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है, जिसमें शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए पैदल यात्रा करते हैं।

गुढ़ियारी के मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व

मुख्यमंत्री ने महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है और श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता का भी माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक और लोक-सांस्कृतिक विरासत के साथ उसकी गहरी आध्यात्मिक परंपराओं से भी जुड़ी है। प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ इस विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ते हैं। इन आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और समरसता की भावना मजबूत होती है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी विस्तार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान महादेव से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *