PTV BHARAT 23 AUGUST 2026 – रायपुर : छत्तीसगढ़ के कण-कण में विराजमान हैं देवाधिदेव महादेव, आध्यात्मिक परंपरा हमारी अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ भिलाई नगर के जयंती स्टेडियम के समीप आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के अंतिम दिवस शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
शिवभक्ति से सराबोर रहा भिलाई
विशाल संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में सात दिनों तक शिवभक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हुई। शिव महापुराण कथा के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला।
चारों दिशाओं में विराजमान हैं महादेव
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भगवान शिव की आराधना और शक्ति उपासना की प्राचीन परंपरा से समृद्ध है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भगवान महादेव के अनेक प्राचीन धाम स्थित हैं।
उन्होंने हटकेश्वर महादेव रायपुर, भोरमदेव कबीरधाम, कुलेश्वर महादेव राजिम, चम्पेश्वर महादेव चम्पारण, भूतेश्वर महादेव गरियाबंद, गंधेश्वर महादेव सिरपुर और मधेश्वर महादेव जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कण-कण में महादेव की कृपा और आशीर्वाद है।
शक्तिपीठों के विकास पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव के साथ आदिशक्ति के अनेक पवित्र स्वरूप भी छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक विरासत का हिस्सा हैं। राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और तीर्थस्थलों के योजनाबद्ध विकास पर कार्य कर रही है।
कुदरगढ़ी माता, मां चंद्रहासिनी, मां महामाया, मां बम्लेश्वरी और मां दंतेश्वरी के शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ने के साथ धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को दोबारा शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के माध्यम से अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
पंडित प्रदीप मिश्रा का किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री ने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन करते हुए कहा कि वे शिव महापुराण कथा के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भिलाई में लगातार तीसरी बार शिव महापुराण कथा का आयोजन होना यहां के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और धर्म के प्रति अनुराग को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने सात दिवसीय कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, सहयोगियों और सभी शिवभक्तों को बधाई दी।
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, आयोजन समिति के दया सिंह सहित अधिकारी, समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

