रायपुर : नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण

PTV BHARAT 23 AUGUST 2026 – रायपुर : नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण – प्रदेश में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्माण कार्य लगातार जारी है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

पहली कैबिनेट में 18 लाख से अधिक आवासों का संकल्प

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर उनका निर्माण कराने का संकल्प लिया गया था। इसके बाद पुराने और नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई।

पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख से अधिक आवास पूर्ण

विजय शर्मा के अनुसार पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए। उनके अनुसार यह संख्या देश में सर्वाधिक रही। आवास निर्माण की गति बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

20.40 लाख मकानों का निर्माण पूरा

वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची में पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं।

सरकार का जोर केवल आवास स्वीकृत करने पर नहीं, बल्कि निर्माण पूरा कर पात्र परिवारों को जल्द पक्के घर का लाभ देने पर है।

पुराने लंबित आवास भी कराए गए पूर्ण

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण हुए 11 लाख से अधिक आवासों में पिछले वित्तीय वर्षों में स्वीकृत और लंबित आवास भी शामिल हैं। विभिन्न कारणों से अधूरे रह गए आवासों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर उन्हें पूरा कराया गया है।

इस तरह पुराने और नए वित्तीय वर्षों के आवासों को मिलाकर पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवास पूरे किए जाने का दावा किया गया है।

मुख्यमंत्री आवास और विशेष योजनाओं के मकान भी शामिल

वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण आवासों में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान भी शामिल हैं। योजना के 48 हजार स्वीकृत आवासों में करीब 20 हजार पूर्ण किए जा चुके हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत करीब 23 हजार आवास और विशेष परियोजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत आवास भी इस उपलब्धि में शामिल हैं।

पक्की छत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने के संकल्प को छत्तीसगढ़ में पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पुराने लंबित आवासों को पूरा करने के साथ नए स्वीकृत मकानों का निर्माण भी जारी है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं और इन्हें भी जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *