धमतरी : विशेष लेख : सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से धमतरी के 72 हजार 582 हितग्राही लाभान्वित

PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – धमतरी : सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से धमतरी के 72 हजार 582 हितग्राही लाभान्वित – समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के जरूरतमंद, निराश्रित, वरिष्ठ नागरिक, विधवा, दिव्यांगजन और अन्य कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के जरिए जिले के 72 हजार 582 हितग्राही नियमित पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

पेंशन योजनाओं से हजारों लोगों को नियमित आर्थिक सहायता

जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से 8,870, सुखद सहारा योजना से 7,147 और मुख्यमंत्री पेंशन योजना से 35,388 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।

इसके अलावा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में 13,470, राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 6,605 और राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना में 1,159 हितग्राही शामिल हैं।

नियमित आर्थिक सहायता से इन हितग्राहियों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।

दिव्यांगजनों को उपकरण, शिक्षा और प्रोत्साहन

दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2026-27 में अब तक 154 सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं। कृत्रिम अंग उपकरण प्रदाय योजना के तहत 146 दिव्यांगजनों को उपकरण दिए गए हैं।

दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना से 622 विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। वहीं दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 5 हितग्राहियों को कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता दी गई है।

दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना से 1 और उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना से 6 हितग्राहियों को लाभ मिला है।

कमाऊ सदस्य की मृत्यु पर परिवारों को आर्थिक सहायता

परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु के बाद उत्पन्न आर्थिक संकट में सहायता देने के लिए राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना संचालित है। इसके तहत 103 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की दर से कुल 20.60 लाख रुपये की सहायता दी गई है।

10,232 दिव्यांगजनों को मिला UDID कार्ड

दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं तक आसान पहुंच देने के लिए UDID परियोजना के तहत जिले में अब तक 10,232 दिव्यांगजन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। यह कार्ड दिव्यांगजन की पहचान को प्रमाणित करने के साथ विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भी उपयोगी है।

तृतीय लिंग समुदाय को भी योजनाओं से जोड़ने की पहल

समाज कल्याण विभाग द्वारा तृतीय लिंग समुदाय को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में अब तक 43 व्यक्तियों को तृतीय लिंग पहचान पत्र जारी किए गए हैं।

इससे उन्हें पहचान संबंधी दस्तावेज प्राप्त करने और विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं तक पहुंच बनाने में सुविधा मिल रही है।

सामाजिक सुरक्षा से समावेशी व्यवस्था को मजबूती

समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और अवसर उपलब्ध कराना है। पेंशन, छात्रवृत्ति, सहायता राशि, सहायक उपकरण, पहचान पत्र और प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए धमतरी में समावेशी एवं संवेदनशील सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *