लोरमी : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बाबाघाट धाम में किया रुद्राभिषेक

PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – लोरमी : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बाबाघाट धाम में किया रुद्राभिषेक – श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लोरमी के श्री बाबाघाट धाम में आस्था और विकास का संगम देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने परम पूज्य श्री श्री 108 शिवानंद जी महाराज के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मंदिर सौंदर्यीकरण और उन्नयन कार्यों का लोकार्पण

रुद्राभिषेक के बाद उप मुख्यमंत्री ने बाबाघाट धाम के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया।

अरुण साव ने कहा कि ‘विरासत भी, विकास भी’ की सोच के साथ लोरमी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण के बाद बाबाघाट धाम को नया और भव्य स्वरूप मिला है, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, शांत और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध होगा।

प्राचीन धार्मिक स्थल को मिला नया स्वरूप

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री बाबाघाट धाम लोरमी का प्राचीन धार्मिक स्थल है, जहां वर्षों से साधु-संत पूजा, हवन और विश्राम करते रहे हैं। समय के साथ परिसर जीर्ण-शीर्ण हो गया था। अब विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों से इसे नया स्वरूप दिया गया है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी कॉरिडोर, उज्जैन के महाकाल लोक कॉरिडोर और अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर जैसे धार्मिक विकास कार्य किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी भोरमदेव कॉरिडोर, मां बम्लेश्वरी मंदिर में ‘प्रसाद’ योजना के तहत विकास कार्य और रतनपुर धाम के विकास की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी क्रम में बाबाघाट धाम को भी आकर्षक स्वरूप दिया गया है।

लोरमीवासियों से संरक्षण की अपील

उप मुख्यमंत्री ने लोरमीवासियों से अपील की कि वे बाबाघाट धाम की सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखें तथा यहां नियमित धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन करते रहें। उन्होंने कहा कि स्थानीय सहभागिता से यह धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं के लिए और बेहतर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *