PTV BHARAT 25 AUGUST 2026 धमतरी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपनी एक अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित करने वाली संस्था सुहिणी सोच का विस्तार अब धमतरी तक हो गया है। धमतरी में सुहिणी सोच की नई शाखा का गठन किया गया, जिसमें प्राप्ति वाशानी को अध्यक्ष एवं माही बुलानी को शाखा प्रभारी बनाया गया। संस्था की संस्थापक मनीषा तारवानी ने नवनियुक्त पूरी टीम को पद एवं जिम्मेदारियों की शपथ दिलाई।नई शाखा के शुभारंभ के अवसर पर धमतरी की महिलाओं द्वारा भव्य सावन उत्सव एवं आनंद मेला आयोजित किया गया। पूरे दिन चले इस आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले में किचन से जुड़ी सामग्री से लेकर विभिन्न उपयोगी वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। वहीं रैम्प वॉक एवं फैशन शो ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। कार्यक्रम में सावन क्वीन का चयन भी किया गया।सावन क्वीन एवं फैशन शो की निर्णायक टीम के रूप में रायपुर की सुहिणी सोच की टीम ने अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आश्रम से सरिता दीदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर सामने लाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में धमतरी सिंधी पंचायत का विशेष सहयोग रहा। पंचायत द्वारा आनंद मेले के आयोजन के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया और पूरे कार्यक्रम को अपना पूर्ण सहयोग दिया गया।संस्था की संस्थापक मनीषा तारवानी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिला केवल रसोई तक सीमित न रहे, बल्कि अपनी प्रतिभा को पहचानकर समाज में अपनी एक नई पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं में हुनर की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल उन्हें सही मंच और अवसर देने की।
कार्यक्रम में धमतरी शाखा की महिलाओं के साथ-साथ रायपुर की सुहिणी सोच की अनेक सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। सभी महिलाओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।सुहिणी सोच का विस्तार इससे पहले तिल्दा, जगदलपुर और राजिम तक हो चुका है और अब धमतरी में नई शाखा के गठन के साथ संस्था ने एक और महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। पूरे दिन चले इस आयोजन को उपस्थित महिलाओं एवं अतिथियों से काफी सराहना मिली।सुहिणी सोच का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपने हुनर को पहचानें, आत्मनिर्भर बनें और समाज में अपनी एक नई पहचान स्थापित करें।उक्त जानकारी सुहिणी सोच की मीडिया प्रभारी रेखा पंजवानी एवं ज्योति बुधवानी द्वारा दी गई।

