रायपुर : श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिल रही उत्कृष्ट शिक्षा, उनके सपनों को पंख देना हमारी प्राथमिकता

PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – रायपुर : श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिल रही उत्कृष्ट शिक्षा, उनके सपनों को पंख देना हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि श्रमिक विकास की मजबूत नींव हैं और उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा आगे बढ़ने के समान अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने योजना के विद्यार्थियों से संवाद किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया।

200 बच्चों को प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में शिक्षा

मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की शुरुआत पिछले वर्ष 100 बच्चों से हुई थी। इस वर्ष इसका विस्तार कर 200 बच्चों को योजना में शामिल किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों से चयनित विद्यार्थी राजकुमार कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल और रुंगटा पब्लिक स्कूल जैसे प्रतिष्ठित विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में अपने बच्चों को पढ़ाना श्रमिक परिवारों के लिए कभी कठिन सपना था, आज सरकार उसी सपने को साकार करने का प्रयास कर रही है।

1.45 लाख श्रमिकों को 39.67 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता

समारोह के दौरान विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 1,45,841 श्रमिकों को 39 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि DBT के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक कल्याण केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। श्रम विभाग के तीन मंडलों के माध्यम से 67 प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, मातृत्व सहायता, दिव्यांग सहायता, पेंशन, कौशल विकास, रोजगार और आवास जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

ढाई वर्षों में 774 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता

श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में श्रमिकों के खातों में 774 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि DBT के जरिए पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि श्रमिक परिवारों के बच्चे आर्थिक परिस्थितियों के कारण अपने सपनों को सीमित न करें।

शिक्षा को बनाया सफलता की नींव

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन की परिस्थितियां कैसी भी हों, शिक्षा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के जरिए आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने बच्चों से अभी से बड़े लक्ष्य तय करने और डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी या अपनी पसंद के किसी भी क्षेत्र में जाने का सपना देखने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में IIT, IIM और AIIMS जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान उपलब्ध हैं। श्रमिक परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा और विदेश में अध्ययन के लिए भी सहायता की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी शिक्षा के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति में सुधार के साथ शिक्षा और विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। उन्होंने ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिलना चाहिए।

बच्चों ने साझा किए बड़े सपने

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। बीजापुर के अतीश ने बताया कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के माध्यम से उन्हें प्रतिष्ठित विद्यालय में पढ़ने, खेल और अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने IAS अधिकारी बनकर देश और प्रदेश की सेवा करने का सपना साझा किया।

कबीरधाम की इशिका डाहरे ने बताया कि नए विद्यालय के वातावरण से उनका अंग्रेजी में संवाद करने का आत्मविश्वास बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन

समारोह का सबसे आत्मीय क्षण तब रहा जब मुख्यमंत्री श्री साय श्रमिक परिवारों के बच्चों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन करने लगे। बच्चों ने उनसे उनके बचपन, पढ़ाई, पसंदीदा भोजन और जीवन के संघर्षों से जुड़े सवाल पूछे।

मुख्यमंत्री ने सहजता से बच्चों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें मेहनत, अनुशासन तथा निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता ही सरकार और उनके माता-पिता की सबसे बड़ी खुशी होगी।

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों के कारण प्रतिभावान बच्चों के अवसर सीमित न होने देना और उन्हें उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *