मोहला : रक्षा सूत्र से बंधा ‘पक्के घर’ का संकल्प – रक्षाबंधन के अवसर पर मोहला-मानपुर

PTV BHARAT 28 AUGUST 2026 – मोहला : रक्षा सूत्र से बंधा ‘पक्के घर’ का संकल्प – रक्षाबंधन के अवसर पर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में त्योहार को विकास और जिम्मेदारी के संकल्प से जोड़ा गया। जनपद पंचायत मोहला की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके अधूरे और निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की शपथ दिलाई गई।

राखी के धागे से जुड़ा पक्के घर का सपना

ग्राम पंचायत स्तर पर हुए कार्यक्रमों में बिहान समूह की दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बिहान की महिलाओं ने हितग्राहियों को रक्षा सूत्र बांधा और जल्द से जल्द अधूरे आवासों को पूरा करने का संकल्प दिलाया।

रक्षाबंधन पर बांधा गया यह रक्षा सूत्र भाई-बहन के स्नेह के साथ परिवार को सुरक्षित और पक्का आशियाना उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी का प्रतीक भी बना।

त्योहार की आत्मीयता से जुड़ा विकास का संदेश

जनपद पंचायत मोहला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शुभांगी गुप्ता ने बताया कि यह पहल रक्षाबंधन की भावनात्मक आत्मीयता को विकास कार्यों से जोड़ते हुए ‘रक्षा सूत्र के साथ विकास का संकल्प’ का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार देना है। इसलिए प्रत्येक हितग्राही का अपना आवास समय पर पूरा करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

बिहान की दीदियों ने बढ़ाया हितग्राहियों का उत्साह

कार्यक्रम के दौरान बिहान की महिलाओं ने हितग्राहियों को आवास निर्माण जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पक्के आवास से परिवार को मिलने वाले लाभ और सुरक्षित घर के महत्व की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने भी इस पहल को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया। उनका कहना था कि रक्षाबंधन पर बांधा गया रक्षा सूत्र उन्हें अपने अधूरे घर को पूरा करने के संकल्प की याद दिलाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *