सूरजपुर : शनिवार बना सीखने-खेलने और सृजन का दिन, बैगलेस डे पर स्कूलों में दिखी नई रौनक

PTV BHARAT 29 AUGUST 2026 – सूरजपुर : शनिवार बना सीखने-खेलने और सृजन का दिन, बैगलेस डे पर स्कूलों में दिखी नई रौनक – सूरजपुर जिले के स्कूलों में शनिवार को बैगलेस डे के दौरान पढ़ाई के साथ अलग-अलग रचनात्मक और खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों के कंधों पर बस्ते नहीं थे, लेकिन सीखने का उत्साह बरकरार रहा। कहीं खेलकूद हुआ, कहीं बाल फिल्म दिखाई गई, तो कहीं स्वच्छता अभियान और रक्षाबंधन आधारित रचनात्मक लेखन प्रतियोगिताएं हुईं।

बाल फिल्म, खेल और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन

कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले और जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक के निर्देशानुसार जिले के सभी विद्यालयों में बाल फिल्म प्रदर्शन, खेलकूद गतिविधि, स्वच्छता अभियान और रक्षाबंधन आधारित रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।

सेजस भैयाथान और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैजनाथपुर में खंड शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में गतिविधियों का अवलोकन किया गया।

ओड़गी में खो-खो प्रतियोगिता और फिल्म प्रदर्शन

मुख्यमंत्री डीएवी ओड़गी में खो-खो प्रतियोगिता आयोजित हुई। वहीं पीएम श्री सेजस ओड़गी में ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ बाल फिल्म प्रदर्शित की गई। डीएमसी मनोज साहू, सहायक संचालक शिक्षा अजय सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ फिल्म देखी।

प्रेमनगर के पीएम श्री चंदननगर, भैयाथान के शिवप्रसाद नगर, सूरजपुर के जयनगर, रामानुजनगर के परशुरामपुर, पस्ता और ओड़गी के चेंद्रा सहित अधिकांश विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, LED टीवी, लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से बाल फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।

सरगुजा ओलंपिक के लिए शत-प्रतिशत पंजीयन पर जोर

ओड़गी विकासखंड के सभी 18 हायर सेकंडरी स्कूलों का भौतिक और दूरभाष के माध्यम से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को 14 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों का सरगुजा ओलंपिक में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए और इसकी लगातार मॉनिटरिंग की गई।

बैगलेस डे का उद्देश्य बच्चों को केवल नियमित कक्षा-अध्ययन तक सीमित रखने के बजाय खेल, रचनात्मकता, स्वच्छता, फिल्म और सहभागिता के माध्यम से सीखने का अवसर देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *