बलौदाबाजार : लक्ष्य हासिल करने के लिए जुनून जगाएं और मेहनत करें : राज्यपाल रमेन डेका

PTV BHARAT 29 AUGUST 2026 – बलौदाबाजार : लक्ष्य हासिल करने के लिए जुनून जगाएं और मेहनत करें : राज्यपाल रमेन डेका – राज्यपाल रमेन डेका ने बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित लोकार्पण एवं सम्मान समारोह में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। उन्होंने वरिष्ठ शिक्षकों, 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों, PAT में चयनित छात्रों तथा ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार प्राप्त 9 युवाओं को सम्मानित किया।

जुनून और मेहनत को बताया सफलता की कुंजी

राज्यपाल ने कहा कि नए सभाकक्ष से विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने शिक्षक-छात्र संबंधों की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षकों को अपने आचरण से विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल बनना चाहिए।

विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए जुनून पैदा करें और उसे हकीकत में बदलने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करें। नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे कौशल विकास और विषय विशेषज्ञता हासिल करने में मदद मिलती है।

मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की सलाह

राज्यपाल ने मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग पर चिंता जताई। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का इस्तेमाल आवश्यक कार्यों के लिए संतुलित तरीके से करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और AI सुविधाजनक हैं, लेकिन इनके अत्यधिक उपयोग से आत्ममंथन और रचनात्मकता प्रभावित हो सकती है।

चाम्पा के लिए ऐतिहासिक अवसर : टंकराम वर्मा

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राज्यपाल के चाम्पा आगमन को गांव के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। अपने स्कूली जीवन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से घबराने के बजाय लगातार मेहनत करते रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण

राज्यपाल रमेन डेका ने अपनी दिवंगत माता चम्पावती डेका की स्मृति में स्कूल परिसर में अमलताश का पौधा लगाया। राजस्व मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

बिहान की दीदियों ने बांधी बीजों से बनी राखी

समारोह में ‘बिहान’ योजना से जुड़ी आजीविका दीदियों द्वारा लगाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का राज्यपाल ने अवलोकन किया। इस दौरान महिलाओं ने उन्हें धान और चावल के बीजों से निर्मित हस्तनिर्मित राखी बांधी।

राज्यपाल ने राखी और महिलाओं के नवाचार की सराहना की।

मेधावी विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह में शिक्षक एवं शिक्षाविद एस.एम. पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डी.एन. राय और भूषण धुरंधर को सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों में जिज्ञासु वर्मा (12वीं स्टेट टॉपर), साक्षी वर्मा, अमित कुमार टंडन (10वीं) तथा PAT चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *