PTV BHARAT 29 AUGUST 2026 – रायपुर : छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध – राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए। समारोह में 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित करना भी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ियों का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उनकी सफलता से पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची हाल ही में जारी की गई है, जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है। सरकार खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए भी कदम उठा रही है।
बस्तर और सरगुजा की प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। इसी उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक आयोजित किया जा रहा है।
पहले वर्ष बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 लाख 91 हजार हो गई। सरगुजा ओलंपिक और छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के जरिए भी स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने और प्रतिस्पर्धा करने का अवसर दिया जा रहा है।
पांच मिशन के जरिए खेलों को नई ऊंचाई
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए पांच मिशन पर काम कर रही है। इनमें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन प्रमुख है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
सरकार का लक्ष्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रतिभा पहचान, प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, बेहतर अधोसंरचना और बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों तक खिलाड़ियों की पहुंच के लिए समग्र व्यवस्था विकसित करना है।
खेल अधोसंरचना के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में तीरंदाजी खिलाड़ियों के लिए करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से एकेडमी बनाई जा रही है।
वहीं पहाड़ी कोरवा समुदाय की प्राकृतिक तीरंदाजी प्रतिभा को निखारने के लिए पंडरापाट में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और सही मंच मिल जाए तो वहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक विविधता विभिन्न खेलों के लिए अनुकूल है और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
खिलाड़ियों के लिए देश में बना सकारात्मक माहौल
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने से देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर हैं और वे राष्ट्रमंडल खेलों, एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे मंचों पर पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।
तीन वर्षों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान
समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल रहे।
वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री ट्रॉफी तीरंदाजी सीनियर महिला टीम और सॉफ्ट टेनिस जूनियर बालिका टीम को प्रदान की गई।
समारोह में विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
रायपुर : छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
