PTV BHARAT 30 AUGUST 2026 – सुकमा : जिला चिकित्सालय का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण – कलेक्टर अमित कुमार ने शनिवार को जिला चिकित्सालय सुकमा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, आयुष्मान कार्ड केंद्र, औषधि वितरण केंद्र, प्रयोगशाला, एक्स-रे कक्ष और मातृ-शिशु वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड समय पर बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या और उन्हें दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद आयुष्मान कार्ड केंद्र का निरीक्षण कर कार्ड बनाने की प्रक्रिया देखी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड समय पर बनाए जाएं और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सहज एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने पर जोर
प्रयोगशाला कक्ष में कलेक्टर ने मरीजों और हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर जांच सुविधाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से विभिन्न जांचों की रिपोर्ट तैयार होने में लगने वाले समय के बारे में पूछा और रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हर मरीज को मिले एक्स-रे फिल्म
कलेक्टर ने एक्स-रे कक्ष का भी निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक हितग्राही को एक्स-रे की फिल्म उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपचार के दौरान मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मातृ-शिशु वार्ड में मरीजों से किया संवाद
निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर मातृ-शिशु वार्ड पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों का हालचाल जाना और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को मरीज-केंद्रित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, आवश्यक जांच और मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए।
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

