सुकमा : पोलमपल्ली पोटाकेबिन पहुंचकर कलेक्टर अमित कुमार ने लिया जायजा

PTV BHARAT 30 AUGUST 2026 – सुकमा : पोलमपल्ली पोटाकेबिन पहुंचकर कलेक्टर अमित कुमार ने लिया जायजा – पोलमपल्ली स्थित कन्या आवासीय पोटाकेबिन विद्यालय में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद कलेक्टर अमित कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने बेहतर उपचार, स्वास्थ्य सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्थाओं की सीधे निगरानी की।

छात्राओं से किया आत्मीय संवाद

कलेक्टर ने छात्राओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनसे बातचीत की। छात्राओं ने भी खुलकर अपनी परेशानियां और आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी बातें साझा कीं।

कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य और सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा। उनके इस संवेदनशील व्यवहार से छात्राओं का मनोबल बढ़ा और अभिभावकों में भी प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।

बीमार छात्राओं को तत्काल कराया गया भर्ती

स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित छात्राओं को दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद कई छात्राएं स्वस्थ होकर वापस विद्यालय लौट चुकी हैं।

वहीं एक छात्रा का सुकमा जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

करीब 350 छात्राओं की मेडिकल जांच

आवासीय परिसर में करीब 350 छात्राएं हैं। एहतियात के तौर पर व्यापक स्वास्थ्य शिविर लगाकर सभी बच्चों की मेडिकल जांच की जा रही है।

कलेक्टर ने स्वयं परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, पेयजल, भोजन की गुणवत्ता और फर्स्ट एड किट में जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की।

तीन सदस्यीय जांच दल गठित

मामले में किसी स्तर पर लापरवाही न रहे, इसके लिए प्रशासन ने एसडीएम सुभाष शुक्ला की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया है।

प्रशासन द्वारा तत्काल चिकित्सा सुविधा, लगातार स्वास्थ्य निगरानी और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। इसके चलते विद्यालय का वातावरण अब शांत और सुरक्षित बताया गया है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुभाष शुक्ला, तहसीलदार योपेंद्र पात्रे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *