PTV BHARAT 30 AUGUST 2026 – मोहला : रक्षा सूत्र से बंधा पक्का घर का संकल्प – जनपद पंचायत मोहला की सभी ग्राम पंचायतों में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके अप्रारंभ और निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की शपथ दिलाई गई।
रक्षाबंधन को विकास और जिम्मेदारी से जोड़ा
इस अभिनव पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के पावन पर्व को सामाजिक सहभागिता, जिम्मेदारी और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़ना रहा। ग्राम पंचायत स्तर पर बिहान की दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधा।
‘रक्षा सूत्र के साथ विकास का संकल्प’
जनपद पंचायत मोहला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शुभांगी गुप्ता ने बताया कि यह पहल रक्षाबंधन की भावनात्मक आत्मीयता को विकास कार्यों से जोड़ते हुए ‘रक्षा सूत्र के साथ विकास का संकल्प’ का संदेश देती है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता से आयोजन उत्सवमय रहा।
बिहान की दीदियों ने हितग्राहियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान बिहान की दीदियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पक्का घर पूरा होने से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी।
हितग्राहियों ने रक्षा सूत्र के इस संकल्प के साथ अपने आवासों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने और ‘पक्का घर’ के सपने को साकार करने का संकल्प लिया।

