PTV BHARAT 30 AUGUST 2026 – मोहला : जिला पंचायत सीईओ ने योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश – जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्ज्वल पोरवाल और जनपद पंचायत सीईओ शुभांगी गुप्ता ने मैदानी भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का किया निरीक्षण
छुरिया में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निरीक्षण करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्य में अभिसरण और लंबित भुगतान की स्थिति की भी जानकारी ली तथा नियमानुसार तीन चरणों में भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। आंगनबाड़ी केंद्र की बाउंड्री, परिसर और आसपास की साफ-सफाई एवं व्यवस्थित रखरखाव पर भी जोर दिया गया।
महिला समूहों से लिया आजीविका का फीडबैक
इसके बाद कुंजामटोला में कुक्कुट पालन गतिविधि का निरीक्षण किया गया। जिला पंचायत सीईओ ने महिला स्व-सहायता समूहों से चर्चा कर कुक्कुट पालन से होने वाली आय और आजीविका की जानकारी ली।
उन्होंने महिलाओं को अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार और आजीविका के अवसरों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया।
ग्राम पंचायत भवन की व्यवस्थाओं की जांच
कुंजामटोला ग्राम पंचायत भवन में कार्यालयीन व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों और फाइलों के रखरखाव का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों को पंचायत भवन में शासन की योजनाओं, महत्वपूर्ण हेल्पलाइन और संपर्क नंबरों से संबंधित वॉल पेंटिंग एवं सूचना प्रदर्शन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। गांव के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
प्रधानमंत्री आवास हितग्राही से ली जानकारी
मैदानी भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के एक हितग्राही के घर पहुंचकर आवास निर्माण की प्रगति और किश्त भुगतान की स्थिति की जानकारी ली गई। हितग्राही ने बताया कि निर्माण के लिए आवश्यक किश्तें समय पर प्राप्त हुई हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने हितग्राही को आवास का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ
जिला पंचायत सीईओ उज्ज्वल पोरवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने योजनाओं और विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।

