PTV BHARAT 30 AUGUST 2026 – रायपुर : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बालिका गृह की बेटियों के साथ सुनी ‘मन की बात’ – महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शासकीय बालिका गृह, शंकर नगर रायपुर में बेटियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उनके सपनों, उत्साह और आत्मविश्वास के बारे में जाना।
बेटियों के साथ ‘मन की बात’ सुनना रहा आत्मीय अनुभव
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेटियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचार सुनना उनके लिए सुखद और आत्मीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सकारात्मक सोच, नवाचार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में बालिका गृह की बेटियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार का संकल्प
मंत्री ने कहा कि हर बेटी को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही है।
बालिका गृह की बेटियों को बेहतर भविष्य के लिए सहयोग
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि शासकीय बालिका गृह में रहने वाली बेटियों के सपनों को उड़ान देने के लिए उन्हें बेहतर वातावरण, आवश्यक सुविधाएं और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं में आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनाना महिला एवं बाल विकास विभाग के महत्वपूर्ण प्रयासों में शामिल है।

