रायपुर : गुढ़ियारी में 15 लाख की दही हांडी के लिए मचेगी होड़, बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा बिखेरेंगे जलवा

PTV BHARAT 30 AUGUST 2026 – रायपुर : गुढ़ियारी में 15 लाख की दही हांडी के लिए मचेगी होड़, बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा बिखेरेंगे जलवा – भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर रायपुर के गुढ़ियारी में 5 सितंबर 2026, शनिवार को विशाल दही हांडी उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से होने वाला यह आयोजन अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।

विजेता टोली को मिलेगा 15 लाख रुपये

आयोजन के 16वें वर्ष में दही हांडी प्रतियोगिता को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता की विजेता टोली को 15 लाख रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि अन्य प्रतिभागी टोलियों को समिति की ओर से सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क है।

26 टोलियों ने कराया पंजीयन

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू के अनुसार अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और अन्य क्षेत्रों की लगभग 26 गोविंदा एवं महिला गोविंदा टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं।

महाराष्ट्र के भंडारा, मध्यप्रदेश के इंदौर और जबलपुर से भी टोलियों के नाम दर्ज किए गए हैं।

बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुतियां रहेंगी खास

दही हांडी उत्सव में धार्मिक आयोजन के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या भी होगी। बी प्राक, अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

आयोजन में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों के साथ युवा भी शामिल होंगे। संगीत और भक्ति के बीच उत्सव का माहौल बनाने की तैयारी है।

पुरुष, महिला और ग्रीसयुक्त खंभा दही हांडी

प्रतियोगिता में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीसयुक्त खंभा दही हांडी प्रमुख आकर्षण रहेंगे। अलग-अलग राज्यों से आने वाली गोविंदा टोलियां साहस, टीमवर्क और उत्साह का प्रदर्शन करेंगी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम

आयोजकों की ओर से प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किए जा रहे हैं।

समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में किसी टोली के अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की होगी।

‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ से गूंजेगा गुढ़ियारी

सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने कृष्ण भक्तों, युवाओं और रायपुरवासियों से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

5 सितंबर को गुढ़ियारी में भक्ति, रोमांच, संगीत और प्रतियोगिता का संगम देखने को मिलेगा और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंजने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *