PTV BHARAT 30 AUGUST 2026 – रायपुर : ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों और प्रेरक प्रयासों को देती है राष्ट्रीय पहचान : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देशभर में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।
दूरस्थ क्षेत्रों के प्रेरक प्रयासों को मिलता है राष्ट्रीय मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के दूरस्थ गांवों और छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग बिना प्रचार के समाज और राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण में जुटा है, कोई स्वच्छता के लिए काम कर रहा है और कोई स्थानीय संसाधनों से नवाचार कर अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहा है।
प्रधानमंत्री ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को ‘मन की बात’ के जरिए देशभर तक पहुंचाते हैं। इससे संबंधित लोगों का उत्साह बढ़ने के साथ दूसरे नागरिकों को भी कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के लिए सामूहिक प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
‘हर घर तिरंगा’ में दिखा राष्ट्रप्रेम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में देशवासियों के उत्साह का उल्लेख किया। अभियान के अंतर्गत 8 करोड़ से अधिक नागरिकों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की।
उन्होंने इसे राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव की अभिव्यक्ति बताया।
पीएम स्वनिधि से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में पीएम स्वनिधि योजना के जरिए रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत महिला अपने परिवार के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और समाज की प्रगति में भी अहम योगदान देती है।
स्वच्छता को जन-जन की जिम्मेदारी बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे हर नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बनाना जरूरी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से घर, मोहल्ले, गांव, शहर और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की बेटियां विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिनके जरिए छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का इस मुहिम का हिस्सा बनना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं।
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव का विषय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ की कई उपलब्धियों और विशिष्टताओं का उल्लेख किया है। इनमें बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण संरक्षण जैसे प्रयास शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के नवाचारों, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक कार्यों को राष्ट्रीय मंच मिलने से प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ता है।
नागरिकों को सकारात्मक योगदान के लिए प्रेरित करता है कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के अनुसार ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ती है। यह स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी को मजबूत करने के साथ नागरिकों में कर्तव्यबोध जगाती है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा, संतजन, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

