रायपुर : रायपुर के नंदनवन का 50 करोड़ से होगा कायाकल्प

PTV BHARAT 31 AUGUST 2026 – रायपुर : रायपुर के नंदनवन का 50 करोड़ से होगा कायाकल्प – रायपुर जिले के अटारी गांव स्थित नंदनवन को नए और आकर्षक स्वरूप में पुनर्विकसित किया जाएगा। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष नंदनवन पुनर्विकास की प्रस्तावित परियोजना का प्रस्तुतिकरण किया।

50 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना

नंदनवन के कायाकल्प और विकास कार्यों पर लगभग 50 करोड़ रुपये निवेश का अनुमान है। परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।

बॉटनिकल गार्डन का भी होगा पुनर्विकास

परियोजना के तहत नंदनवन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से विकसित और पुनर्जीवित किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने परियोजना में पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जन-सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया और अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सीईओ चंदन कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *