बेमेतरा : शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन सेवा, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की मिसाल : अरुण साव

PTV BHARAT 31 AUGUST 2026 – बेमेतरा : शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन सेवा, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की मिसाल : अरुण साव – उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये और बेमेतरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। विधायक दीपेश साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

गरीबों और शोषितों के अधिकारों के लिए लड़े वीर नारायण सिंह

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की माटी के महान सपूत थे। उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का जीवन सेवा, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम से भरा रहा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में गरीब और शोषित लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई तथा अंग्रेजों के अत्याचार के सामने कभी झुके नहीं। देश के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाएगी प्रतिमा

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती शहीद वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे महान जननायकों की भूमि रही है। इन वीर सपूतों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि बेमेतरा में स्थापित वीर नारायण सिंह की प्रतिमा उनके त्याग और बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाएगी और युवाओं को राष्ट्रसेवा तथा समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

महापुरुषों का सम्मान हमारी जिम्मेदारी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महापुरुषों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। उनके आदर्शों और संघर्ष से नई पीढ़ी को परिचित कराना भी आवश्यक है।

आदिवासी महासम्मेलन में बड़ी भागीदारी

सम्मेलन में केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष कमलेश सोरी, सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष मुरीत मंडावी, गोंड समाज जिला अध्यक्ष दरबार सिंह नेताम, बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल एवं अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गोंड समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *