PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – मुंगेली : मुंगेली मितान की त्वरित कार्रवाई से दो माह से बंद बोरपंप हुआ चालू – ग्राम पंचायत ढोढमा, विकासखंड पथरिया में करीब दो माह से बंद सार्वजनिक बोरपंप की समस्या का समाधान मुंगेली मितान कॉल सेंटर में शिकायत दर्ज होने के महज पांच दिनों के भीतर कर दिया गया। बोरपंप चालू होने के बाद अटल चौक और आसपास के मोहल्लों के ग्रामीणों को नियमित पेयजल की सुविधा मिलने लगी है।
शिकायत मिलते ही विभाग ने की कार्रवाई
अटल चौक के पास स्थित सार्वजनिक बोरपंप लंबे समय से बंद होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर जाना पड़ रहा था। ग्रामीण शोभाराम साहू ने मुंगेली मितान कॉल सेंटर के माध्यम से इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही इसे जनपद पंचायत पथरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और ग्राम पंचायत ढोढमा को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। संबंधित विभाग ने मामले को प्राथमिकता देते हुए बोरपंप में मोटर पंप स्थापित कराया और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा किया।
इसके बाद 29 जुलाई 2026 को बोरपंप दोबारा सुचारू रूप से चालू कर दिया गया।
ग्रामीणों को मिली पेयजल की राहत
बोरपंप चालू होने के बाद अटल चौक और आसपास के ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली है। शोभाराम साहू ने बताया कि अब उनके मोहल्ले में ही नियमित पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत का पूर्ण निराकरण हो गया है और विभाग की त्वरित कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं।
समस्या हो तो मुंगेली मितान से करें संपर्क
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी शासकीय योजना से संबंधित समस्या, जनसुविधा से जुड़ी परेशानी या आपातकालीन स्थिति में मुंगेली मितान कॉल सेंटर से संपर्क करें।
इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9406275513, 9406275514, 8641002203, 9406275534 और 9406275535 पर संपर्क किया जा सकता है।

