मुंगेली : शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर

PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – मुंगेली : शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, योजनाओं और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों के आवेदनों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लंबित प्रकरणों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने विभाग के लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर उनका निराकरण सुनिश्चित करें।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के साथ एग्रीस्टैक से जुड़े कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के वास्तविक समाधान पर जोर

बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण नहीं किया जाए, बल्कि आवेदक की वास्तविक समस्या का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री जनदर्शन और सुशासन तिहार के प्रकरणों की समीक्षा

मुख्यमंत्री जनदर्शन और सुशासन तिहार से प्राप्त लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को इन प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निराकरण करने और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

खराब सड़कों पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी

जिले में सड़कों की स्थिति की समीक्षा के दौरान खराब सड़कों पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर तत्काल पैचवर्क और मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आवागमन सुगम बनाने के लिए खराब सड़कों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराया जाए।

पीएम किसान और पीएम आवास की प्रगति पर जोर

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए पात्र किसानों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में उन्होंने अप्रारंभ आवासों को तत्काल शुरू कराने तथा निर्माणाधीन आवासों में तेजी लाकर उन्हें समय पर पूरा करने को कहा।

कई योजनाओं की एक साथ हुई समीक्षा

समय-सीमा बैठक में पेंशन प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना, जल जीवन मिशन और सुग्घर छत्तीसगढ़ सहित अन्य विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *