उत्तर बस्तर कांकेर : जानकी बाई ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी, तीन एकड़ जमीन से 40 लाख रुपये का कृषि उद्यम

PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – उत्तर बस्तर कांकेर : जानकी बाई ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी, तीन एकड़ जमीन से 40 लाख रुपये का कृषि उद्यम – कांकेर विकासखंड के ग्राम कान्हारपुरी की 57 वर्षीय महिला कृषक श्रीमती जानकी बाई नायक ने अपनी तीन एकड़ कृषि भूमि को अपनी सफलता की सीमा नहीं बनने दिया। कृषि यंत्रीकरण को अवसर में बदलते हुए उन्होंने वर्ष 2025-26 में कृषि यांत्रिकीकरण सबमिशन योजना के तहत करीब 40 लाख रुपये की लागत से फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किया।

आधुनिक कृषि यंत्रों से किसानों को मिल रही सुविधा

फार्म मशीनरी बैंक में ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, सीडड्रिल, कल्टीवेटर और स्प्रेयर सहित आधुनिक कृषि यंत्र शामिल हैं। इन यंत्रों को आसपास के किसानों को किराये पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

जानकी बाई ने इस उद्यम के लिए 35 लाख रुपये का बैंक ऋण लिया, जिसमें 14 लाख रुपये का विभागीय अनुदान प्राप्त हुआ।

145 किसानों को मिला लाभ

जानकी बाई के अनुसार अब तक उनके फार्म मशीनरी बैंक से 145 किसान लाभान्वित हो चुके हैं। कृषि यंत्र किराये पर देने से उन्हें करीब 20 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई।

खर्च निकालने के बाद उन्हें 9 लाख 25 हजार रुपये का शुद्ध लाभ मिला। इससे उन्होंने ऋण की दो किस्तों में 6 लाख 50 हजार रुपये जमा किए। आमदनी से ट्रॉली खरीदने के साथ घर निर्माण और पारिवारिक जरूरतों में भी राशि का उपयोग किया गया।

सीमित जमीन से भी बनाया लाभकारी उद्यम

अपनी सफलता से उत्साहित जानकी बाई ने कहा कि सीमित जमीन भी सफलता की राह में बाधा नहीं है। उनके अनुसार शासन का सहयोग, सही सोच और आधुनिक तकनीक के सहारे खेती को लाभकारी उद्यम में बदला जा सकता है।

उनकी पहल कृषि यंत्रीकरण के जरिए न केवल उनकी अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है, बल्कि आसपास के किसानों को भी समय पर आधुनिक कृषि मशीनें किराये पर उपलब्ध कराने में मदद कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *