PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – कोण्डागांव : जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक – कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक पंजीयन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बस्तर मुन्ने पोर्टल और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
सीईओ ने बस्तर मुन्ने पोर्टल पर शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की शत-प्रतिशत जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन के लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने तथा अन्य लंबित प्रकरणों में भी तेजी लाने को कहा।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी के निर्देश
बैठक में राजस्व विभाग द्वारा किए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे की तहसीलवार प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को सर्वे कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
सभी पात्र किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करें
एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
सूर्यघर योजना और पुनर्वासित परिवारों पर भी जोर
सीईओ ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के जिले को मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए विद्युत विभाग को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा।
बैठक में पुनर्वासित परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।
ग्राम पंचायतों के नोडल अधिकारियों को नियमित भ्रमण के निर्देश
सीईओ ने ग्राम पंचायतों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने आवंटित गांवों का नियमित भ्रमण और निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के हितग्राहियों की शत-प्रतिशत KYC पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें योजनाओं की राशि सुचारू रूप से मिल सके।
कई जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड और सेवासेतु सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

