PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – बलौदाबाजार : उत्कृष्ट खिलाड़ियों और राज्य स्तरीय मल्लखंब विजेताओं को कलेक्टर ने किया सम्मानित – छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अगस्त 2026 में प्रदेश के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। इनमें बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गौरव डहरिया (सॉफ्टबॉल), स्वर्गीय दिलीप कुमार साहू (व्हीलचेयर फेंसिंग) और स्वाती साहू (कयाकिंग-कैनोइंग) शामिल हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने इन खिलाड़ियों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शासकीय सेवा में नियुक्ति का मिलेगा अवसर
कलेक्टर ने बताया कि छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति करने की नीति, 2007 के प्रावधानों के तहत विभिन्न शासकीय विभागों में सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति की पात्रता रहेगी। उन्होंने खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
मल्लखंब खिलाड़ियों ने जीते पांच पदक
इसी अवसर पर 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता, जांजगीर-चांपा में शानदार प्रदर्शन करने वाले जिले के मल्लखंब खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में जिले के 11 खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किए और प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इनमें से 3 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।
खिलाड़ियों की उपलब्धि जिले के लिए गौरव
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन बलौदाबाजार-भाटापारा के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए निरंतर मेहनत और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

