रायगढ़ : अब जांच के लिए न निजी लैब की दौड़, न जेब पर बोझ, अटल आरोग्य लैब बनी संजीवनी

PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – रायगढ़ : अब जांच के लिए न निजी लैब की दौड़, न जेब पर बोझ, अटल आरोग्य लैब बनी संजीवनी – सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध अटल आरोग्य लैब की सुविधा मरीजों के लिए राहत बन रही है। करीब 134 प्रकार की चिकित्सा जांचें नि:शुल्क उपलब्ध होने के साथ रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से मिलने से मरीजों के समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है। रायगढ़ निवासी अमन नायक ने जिला अस्पताल में बुखार की शिकायत के बाद अटल आरोग्य लैब में रक्त जांच कराई और इस सुविधा को अपने लिए बेहद उपयोगी बताया।

निजी लैब के खर्च से मिली राहत

अमन नायक ने बताया कि पहले निजी संस्थानों में जांच कराने पर काफी राशि खर्च करनी पड़ती थी। कई बार अलग-अलग जगह जाना पड़ता था और रिपोर्ट मिलने में भी समय लगता था।

अब अटल आरोग्य लैब में नि:शुल्क जांच उपलब्ध होने से आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने लैब के स्टाफ और चिकित्सकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में ही जांच और उपचार से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं मिलने से निजी पैथोलॉजी सेंटर जाने की जरूरत कम हुई है।

उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

डिजिटल रिपोर्ट से उपचार में तेजी

अटल आरोग्य लैब का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक और विश्वसनीय जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को आवश्यक जांच अपने जिले या नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही मिल सके।

जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था से मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत कम होती है। समय पर रिपोर्ट मिलने से चिकित्सकों को उपचार संबंधी निर्णय लेने में भी सुविधा होती है।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची आधुनिक जांच सुविधा

रायगढ़ जिले में अटल आरोग्य लैब की सुविधा जिला चिकित्सालय के साथ विभिन्न सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाई जा रही है। इनमें घरघोड़ा, लोईंग, पुसौर, तमनार, खरसिया सहित कई स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।

इसके अलावा बिंजकोट, किरोड़ीमल नगर, कोड़ातराई, मिडमिड़ा, बंगुरसिया, छपोरा, डूमरपाली, जामगांव, नंदेली, नवरंगपुर, पुटकापुरी, संबलपुरी और सिसरिंगा में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को आवश्यक जांच के लिए रायगढ़ शहर या निजी पैथोलॉजी सेंटरों तक जाने की जरूरत कम हो रही है। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए नि:शुल्क जांच की सुविधा बड़ी राहत साबित हो रही है।

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मिल रहा नया भरोसा

अटल आरोग्य लैब के विस्तार से मरीजों का जांच खर्च कम होने के साथ उन्हें समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिल रही है। अमन नायक का अनुभव इसी बदलाव की तस्वीर पेश करता है, जहां नि:शुल्क जांच, डिजिटल रिपोर्ट और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधा लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *