रायगढ़ : तंबाकू नियंत्रण अभियान में 20 पान ठेलों पर कार्रवाई, 1,830 रुपये का जुर्माना

PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – रायगढ़ : तंबाकू नियंत्रण अभियान में 20 पान ठेलों पर कार्रवाई, 1,830 रुपये का जुर्माना – जिले में नशीले और तंबाकू उत्पादों के सेवन पर नियंत्रण तथा तंबाकू नियंत्रण कानून के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर 31 अगस्त को संयुक्त जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, गौशाला रोड और ढिमरापुर क्षेत्र के आसपास संचालित पान ठेलों की जांच की गई और कोटपा अधिनियम, 2003 के तहत कार्रवाई की गई।

20 पान ठेलों पर चालानी कार्रवाई

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि अभियान के दौरान 20 पान ठेलों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 1,830 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

संबंधित दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई और नियमों का पालन करने के लिए समझाइश दी गई।

कानून के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

अभियान दल ने दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सेवन से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन करने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू सेवन और अधिनियम के अन्य प्रावधानों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस और औषधि विभाग के समन्वय से अभियान

यह संयुक्त अभियान जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैकरा एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. जाविद मारिकर के नेतृत्व में औषधि विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से संचालित किया गया।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी के सहयोग से संबंधित क्षेत्रों में पान ठेलों की जांच की गई। संयुक्त कार्रवाई में सिटी कोतवाली क्षेत्र की पुलिस आरक्षक हेमलता लकड़ा, ड्रग इंस्पेक्टर सविता रानी साय, संतोषी राज और सीमा बरेठ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *